गोड्डा

गोड्डा में हिट एंड रन स्कीम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। शहर स्थित एक शोरूम परिसर में हिट एंड रन स्कीम को लेकर एक विस्तृत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों, वाहन चालकों एवं शोरूम में आने वाले ग्राहकों को सड़क दुर्घटना की स्थिति में पीड़ितों को मिलने वाली सरकारी सहायता एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना था। कार्यक्रम के दौरान विभाग के लोगों द्वारा उपस्थित लोगों को बताया गया कि हिट एंड रन स्कीम के तहत अज्ञात वाहन से हुई दुर्घटना या वाहन चालक के फरार हो जाने की स्थिति में मृतक अथवा घायल व्यक्ति के परिजनों को सरकार द्वारा आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ितों को त्वरित राहत उपलब्ध कराना तथा उन्हें न्यायोचित सहायता दिलाना है।
अधिकारियों ने बताया कि योजना के अंतर्गत दुर्घटना में मृत्यु होने पर तथा गंभीर रूप से घायल होने की स्थिति में निर्धारित मुआवजा राशि प्रदान की जाती है। साथ ही आवेदन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, संबंधित कार्यालय एवं समय-सीमा की जानकारी भी सरल शब्दों में दी गई। लोगों को यह भी बताया गया कि दुर्घटना होने पर घायलों की तत्काल मदद करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं कानूनी दायित्व है। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा नियमों के पालन पर भी विशेष जोर दिया गया। हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की गई। उपस्थित लोगों को पंपलेट के माध्यम से भी हिट एंड रन स्कीम एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी गई। जिला परिवहन कार्यालय ने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को सड़क सुरक्षा एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देने की बात कही।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button