गोड्डा
बोकारो के धरती पर गोड्डा का जलवा, बोकारो को पटखनी दी गोड्डा अंडर-19 की टीम
23 रनों से हराकर बन गई चैंपियन, डीसीए सदस्यों में खुशी की लहर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। कुछ करने का जज्बा। मन में विश्वास। जिले को उपलब्धि देने की चाहत। नए साल पर गोड्डा के लोगों को जीत का तोहफा देना। यह सारे कसीदे गोड्डा अंडर-19 टीम के लिए कही जा रही है। बोकारो के धरती पर गोड्डा के क्रिकेट खिलाड़ियों ने जलवा बिखेरा है। या कोई आसान बात नहीं है। बल्कि कड़े परिश्रम का नतीजा है। बोकारो की धरती पर गोड्डा के खिलाड़ियों ने इतिहास रच दिया है। अंडर-19 गोड्डा की टीम ने 23 रनों से बोकारो अंडर-19 टीम को पराजित किया। डीसीए सचिव रंजन कुमार के कड़े परिश्रम एवं सतत खिलाड़ियों पर ध्यान देने का नतीजा रहा कि गोड्डा अंडर-19 टीम ने जिले को चैंपियनशिप का खिताब लाकर दे दिया है। यह पूरी तरह से ऐतिहासिक जीत है। खेल प्रेमियों एवं क्रिकेट प्रेमियों में काफी खुशी का माहौल देखा जा रहा है। खासतौर पर डीसीए सदस्यों ने जमकर खुशी का इजहार किया है। डीसीए उपाध्यक्ष अमित बोस ने कहा कि उन्होंने तीन दिन पहले ही भविष्यवाणी कर दिया था कि गोड्डा ही चैंपियन बनेगी। इसके अलावा संयुक्त सचिव सहित तमाम सदस्यों ने गोड्डा टीम को बधाई दी है। डीसीए सचिव रंजन कुमार ने बताया कि यह पहला क्रिकेट चैंपियनशिप का कप गोड्डा के धरती पर पहुंचा है। यह पूरे तौर पर ऐतिहासिक जीत है। जिसे गोड्डा अंडर-19 टीम के सभी खिलाड़ियों ने कर दिखाया है। गोड्डा में खिलाड़ियों ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया है।
इधर, डीसीए सचिव ने बताया कि जेएससीए द्वारा आयोजित बी एन सिंह ट्रॉफी (अंडर 19)
का खिताब गोड्डा ने बोकारो को पराजित कर जीता। गोड्डा ने पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।बोकारो में खेले गए फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि जेएससीए के सचिव सह अंतराष्ट्रीय खिलाड़ी सौरभ तिवारी ने गोड्डा टीम को ट्रॉफी सौंपी। सौरभ तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि गोड्डा की टीम जिस तरह से पूरे टूर्नामेंट में खेली है वह चैंपियन बनने की हकदार थी। जिला क्रिकेट संघ के सचिव रंजन कुमार ने सभी खिलाड़ियों के साथ गोड्डा के खेलप्रेमियों को बधाई दी है।खिलाड़ियों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया जायेगा। गोड्डा की टीम ने सौरभ मांझी की कप्तानी में गोड्डा के लिए शानदार उपलब्धि हासिल की है। गोड्डा डीसी अंजली यादव ने गोड्डा अंडर-19 टीम को बधाई दिया है।



