मेरठ

इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज में रूसी नृत्य संध्या

कला और संस्कृति ने जोड़ा भारत–रूस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबाबाद। इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज (आईपीईसी) एवं रूसी सांस्कृतिक केंद्र, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में मॉडल कोरियोग्राफिक एन्सेम्बल “कज़ाच्ये रज़्दोल्ये” (रूस) द्वारा रूसी लोक नृत्य संध्या का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आईपीईसी परिसर अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक सौहार्द के रंगों में रंगा नजर आया, जब रूस से आए प्रसिद्ध नृत्य दल ने अपनी ऊर्जावान और मनोहारी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आईपीईसी के वाइस प्रेसिडेंट (इंटरनेशनल रिलेशंस) विभूति शंकर ने स्वागत संबोधन में संस्थान द्वारा आयोजित पूर्व अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि आईपीईसी निरंतर वैश्विक सांस्कृतिक और शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने रूस के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के पूर्व दौरे का भी स्मरण कराया, जो रूसी संघ के राष्ट्रपति श्री व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा के दौरान संपन्न हुआ था। स्टावरोपोल क्षेत्र से आए इस नृत्य दल का स्वागत करते हुए उन्होंने इसे संस्थान की अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक सहभागिता की एक महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
इस अवसर पर आईपीईसी के वाइस चेयरमैन पुनीत अग्रवाल ने कहा कि भारत और रूस के बीच सॉफ्ट पावर डिप्लोमेसी को सशक्त बनाने में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अहम भूमिका है। ऐसे आयोजन युवाओं के मन में स्थायी प्रभाव छोड़ते हैं और भविष्य के सामाजिक व तकनीकी सहयोग का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
रूसी नृत्य दल की युवा कलाकारों ने टेरेक कोसैक्स की जीवनशैली, परंपराओं और लोक विरासत पर आधारित नृत्यों की सजीव प्रस्तुति दी। सटीक तालमेल, सशक्त भाव-भंगिमाएं, रंगीन परिधान और पारंपरिक संगीत ने दर्शकों को रूसी संस्कृति से आत्मीय रूप से जोड़ दिया। रूसी सांस्कृतिक केंद्र की प्रतिनिधि सुश्री एलेना बारमैन ने बताया कि यह दल मॉस्को और सेंट पीटर्सबर्ग सहित अनेक शहरों में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रस्तुति दे चुका है।
नृत्य दल का नेतृत्व कलात्मक निदेशक एलेना क्रोपाटकिन ने किया। कार्यक्रम में भारतीय शास्त्रीय व लोक नृत्य प्रस्तुतियां भी शामिल रहीं, जिससे सांस्कृतिक आदान–प्रदान और अधिक सशक्त हुआ। समापन पर दर्शकों ने कलाकारों की सराहना करते हुए आईपीईसी की पहल की प्रशंसा की। कार्यक्रम में निदेशक डॉ. अनिल सोलंकी, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. मीनाक्षी शर्मा, डीन एकेडेमिक्स डॉ. अमित जैन, सुनीता यादव, अजय चौधरी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button