ज्ञान ज्योति पैरामेडिकल स्कूल में फ्रेशर्स प्रोग्राम का भव्य आयोजन।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग पी.डब्ल्यू.डी.चौक स्थित ज्ञान ज्योति पैरामेडिकल स्कूल, हजारीबाग परिसर में शैक्षणिक सत्र 2024–26 के सीनियर पैरामेडिकल छात्रों द्वारा नवप्रवेशित पैरामेडिकल 2025–26 बैच के छात्रों के स्वागत में भव्य फ्रेशर्स प्रोग्राम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए छात्रों का आत्मीय स्वागत करना एवं उन्हें शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराना रहा। इस अवसर पर विद्यालय के सचिव बिनय कुमार, प्राचार्य डॉ. संजय कुमार तथा विभागाध्यक्ष अनीता कुमारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके पश्चात नवप्रवेशित छात्रों के स्वागत में मनमोहक स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के सचिव बिनय कुमार ने कहा कि पैरामेडिकल छात्र और कर्मी स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था की रीढ़ होते हैं। डॉक्टरों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने में पैरामेडिकल स्टाफ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। यदि छात्र पूरी लगन, ईमानदारी और अनुशासन के साथ पढ़ाई करें, तो इस क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित है।
वहीं प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने नवप्रवेशित छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित करना बेहद आवश्यक है। बिना स्पष्ट लक्ष्य के सफलता तक पहुँचना संभव नहीं होता। छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ अपने करियर का लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत करनी चाहिए। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष अनीता कुमारी ने सभी नवप्रवेशित छात्रों का हृदय से स्वागत किया तथा उन्हें प्रेरित करते हुए बताया कि किस प्रकार अनुशासन,नियमित अध्ययन, व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं सकारात्मक सोच के माध्यम से वे अपने चुने हुए कोर्स में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने छात्रों से कॉलेज के नियमों का पालन करने एवं अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन कुनाल गोस्वामी एवं प्रीति द्वारा किया गया। इस दौरान छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें नृत्य एवं गायन शामिल रहे। साथ ही कार्यक्रम में मनोरंजन एवं उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से मिस्टर फ्रेशर्स एवं मिस फ्रेशर्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के अंतर्गत पुश-अप चैलेंज एवं साड़ी पहनाने जैसे रोचक खेल कराए गए, जिसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सानिया को मिस फ्रेशर्स तथा रवि कुमार को मिस्टर फ्रेशर्स का खिताब प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान नए एवं पुराने छात्रों ने एक साथ नृत्य कर आपसी सौहार्द और उत्साह का परिचय दिया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में पैरामेडिकल संकाय की अंकिता रानी, सौम्या सोनल, पूजा कुमारी, सुजीत कुमार सहित अन्य शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।




