हजारीबाग
दर्दनाक रेल दुर्घटना में युवक की मौत वंदे भारत की टक्कर से गई जान परिजनों में आक्रोश
मुआवजे की मांग।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग कटकमदाग टाउन रेलवे स्टेशन के समीप सोमवार को एक दर्दनाक रेल दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11 बजे वंदे भारत ट्रेन की टक्कर से युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कटकमदाग थाना क्षेत्र के नावाटांड कदमा निवासी ईश्वर कुमार उर्फ बाबू (पिता: मनोज राम) के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों के चित्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।
बताया जाता है कि ईश्वर कुमार अपने परिवार का एकमात्र सहारा और घर का इकलौता चिराग था। वह पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। स्थानीय लोगों के अनुसार वह बेहद हंसमुख, मिलनसार और शांत स्वभाव का युवक था। उसकी असमय मौत से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर है। घटना की सूचना मिलते ही कटकमदाग थाना पुलिस दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल,हजारीबाग भेज दिया। इधर,घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि रेलवे की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिसके कारण इस इलाके में अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। मृतक का परिवार बेहद गरीब बताया जा रहा है। ऐसे में परिजनों और स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि रेलवे प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करता तो शायद यह दर्दनाक हादसा टल सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



