शामली
चोरों ने दुकान मालिक व बेटे पर किया जानलेवा हमला, मुदकमा दर्ज
चोरी करते रंगे हाथ पकड़े जाने पर दो युवकों ने परिवार पर किया था जानलेवा हमला,विरोध करने पर महिला के साथ हुई थी छेड़छाड़
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। मोहल्ला खेलकलां स्थित एक वेल्डिंग की दुकान में चोरी की कोशिश कर रहे दो युवकों को रंगे हाथ पकड़ने पर उन्होंने दुकान मालिक, उसके बेटे और बीच-बचाव में आए एक पड़ोसी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना के दौरान दुकान मालिक की पत्नी से छेड़छाड़ और कपड़े फाड़ने का भी आरोप है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
गत 28 दिसंबर की रात करीब दो बजे की बताई जा रही है। पीड़ित के अनुसार, चोरी की सूचना मिलने पर वह अपने बेटे के साथ दुकान पर पहुंचा। वहां दो युवक बाहर खड़े मिले, जो उन्हें देखकर फरार हो गए, जबकि दो अन्य युवक दीवार व शटर तोड़कर दुकान के अंदर घुसे हुए थे। आरोपी वेल्डिंग मशीन, कटर, ग्राइंडर और तांबे की लीड सहित कीमती सामान प्लास्टिक के कट्टे में भर चुके थे। पीड़ित और उसके बेटे ने दोनों युवकों को मौके पर पकड़ लिया। उनकी पहचान सादिक उर्फ बंदर और मुसाहिब उर्फ मन्नू उर्फ सरवर, निवासी अकबरपुर सुन्हैटी के रूप में हुई। आरोप है कि विरोध करने पर दोनों ने लोहे की इंग्ल से हमला कर दिया, जिससे दुकान मालिक, उसका बेटा और एक पड़ोसी गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर पीड़ित की पत्नी मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि आरोपियों ने उनका मुंह दबाया, छेड़छाड़ की और कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। घायलों का सरकारी अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। पीड़ित का आरोप है कि 28 दिसंबर को थाने में तहरीर देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।


