शामली
नाबालिग का अपहरण करने के मामले में आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में कैराना पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शामली एन पी सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार पीड़ित की तहरीर पर विगत 12 नवंबर को थाना कैराना में नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के संबंध में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के शीघ्र अनावरण को लेकर पुलिस अधीक्षक शामली ने थाना प्रभारी निरीक्षक समय पाल अत्री को निर्देश दिए थे। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के आदेशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक शामली सुमित शुक्ल के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना कैराना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपहरण की घटना में वांछित चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनुज पुत्र वीरभान निवासी भरतामऊ थाना जहानगंज जनपद फर्रुखाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना कैराना में मुकदमा संख्या 716/25 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं 3/4 पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल नरेश तथा कांस्टेबल रामकुमार शामिल रहे।


