धनबाद में गर्भवती महिला की मौत पर अस्पताल में हंगामा, परिजन और पूर्व मेयर ने जताई नाराजगी
Ruckus erupts in Dhanbad hospital over death of pregnant woman, family and former mayor express displeasure

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
धनबाद। धनबाद के एशियन जालान अस्पताल में गर्भवती महिला किरण देवी (सरायढेला) की प्रसव से पहले मौत के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। महिला को करीब एक सप्ताह पहले प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था, लेकिन शनिवार को बच्चे के जन्म से पहले ही उनकी मौत हो गई। परिजन अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही, मरीज की हालत छिपाने और पैसों के लिए दबाव बनाने का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि डॉक्टरों ने पहले ऑपरेशन की बात कही थी, लेकिन बाद में पेट “सेंसलेस” होने का हवाला देकर ऑपरेशन से इनकार कर दिया गया और नॉर्मल डिलीवरी का प्रयास किया गया। परिजनों का आरोप है कि पिछले 36 घंटों तक इलाज टालते रहे, स्थिति गंभीर होने के बावजूद किसी सीनियर डॉक्टर को नहीं बुलाया गया। जब डिस्चार्ज की बात आई, तभी अचानक महिला की हालत बिगड़ने पर उसे ICU में शिफ्ट किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने यह भी कहा कि अस्पताल प्रबंधन ने मरीज की नाजुक स्थिति के बावजूद ₹50,000 जमा करने का दबाव बनाया, जिससे वे बेहद नाराज हुए और अस्पताल में हंगामा किया। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल चैरिटी के उद्देश्य से बना था, लेकिन गरीब मरीजों से पैसे के लिए दबाव बनाना अस्वीकार्य है। उन्होंने पूरी घटना की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने का आश्वासन दिया। अब सवाल यह उठता है कि क्या समय पर इलाज मिलता तो एक मां की जान बच सकती थी? क्या धनबाद के निजी अस्पताल केवल वसूली का केंद्र बनते जा रहे हैं? और सबसे बड़ा सवाल—इस मौत की जिम्मेदारी कौन लेगा?



