कानपुर
शिक्षा, उद्योग और दैनिक जीवन में एआई की बढ़ती भूमिका पर चर्चा हुई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : रोटरी क्लब ऑफ कानपुर गैलेक्सी की ओर से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर केंद्रित “प्रैक्टिकल एआई: टूल्स, टिप्स एंड ट्रूथ्स फॉर एसएमबी” विषयक इंटरएक्टिव टॉक शो का आयोजन रविवार को द स्पोर्ट्ज़ हब (टीएसएच) में किया गया। कार्यक्रम में उद्यमियों, प्रोफेशनल्स, शिक्षाविदों, छात्रों और रोटरी सदस्यों की बड़ी भागीदारी रही। खास बात यह रही कि सत्र में एआई को सैद्धांतिक नहीं,बल्कि व्यवहारिक दृष्टि से समझाने पर जोर दिया गया। टॉक शो में देश-विदेश से जुड़े एआई विशेषज्ञों ने शिरकत की। जयपुर के एआई ट्रेनर अभय रंजन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बुनियादी अवधारणाओं को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाते हुए बताया कि किस तरह छोटे और मध्यम व्यवसाय (एसएमबी) भी सीमित संसाधनों में एआई टूल्स का प्रभावी उपयोग कर सकते हैं। दिल्ली के ऑर्बिट ग्रुप के चीफ एआई ऑफिसर अविनाश अरोड़ा ने उद्योग जगत के अनुभव साझा करते हुए कहा कि एआई अब केवल बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सही रणनीति के साथ यह छोटे कारोबारों की उत्पादकता और निर्णय क्षमता को भी मजबूत बना रहा है। टॉक शो में यूएस से गूगल एक्जीक्यूटिव सनी मेहरोत्रा ने डिजिटल प्लेटफॉर्म और एआई के मेल से होने वाले नवाचारों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आने वाले समय में एआई आधारित समाधान व्यवसाय और रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगे। वहीं ऑस्ट्रेलियाई निवेश प्रोफेशनल कोमल जालान ने वैश्विक निवेश परिदृश्य में एआई की भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि तकनीक को समझकर अपनाने वाले संस्थानों और उद्यमियों के लिए भविष्य में अपार संभावनाएं हैं।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, प्रशासन और दैनिक जीवन में एआई के उपयोग, इसके लाभ, चुनौतियां और नैतिक पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान पाया। रोटरी क्लब ऑफ कानपुर गैलेक्सी के उपाध्यक्ष पियूष अग्रवाल ने कहा कि एआई आज की जरूरत बन चुका है और ऐसे संवादात्मक कार्यक्रम समाज को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल हैं। इस अवसर पर प्रेसीडेंट प्रदीप अग्रवाल, प्रोजेक्ट डायरेक्टर हिमांशू कपूर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।



