गाजियाबाद
लोनी में 100 फुटा रोड मरम्मत में अनियमितता का आरोप
मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद) : नगर पालिका लोनी द्वारा 100 फुटा रोड पर नीलम फैक्ट्री रोड से विधायक मार्केट तक कराए गए मरम्मत कार्य में गंभीर अनियमितता के आरोप सामने आए हैं। वार्ड निवासी पवन कुमार पुत्र बनारसी दास ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सड़क मरम्मत में घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता पवन कुमार के अनुसार, नगर पालिका द्वारा सड़क मरम्मत के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन ठेकेदार द्वारा किया गया कार्य सरकारी मानकों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में तारकोल के स्थान पर घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है, जिससे सड़क पर बिछाई गई रोड़ी उखड़ने लगी है। इससे स्थानीय नागरिकों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पवन कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान नियमों की अनदेखी की गई और जिम्मेदार अधिकारियों ने इस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
यह शिकायत 2 जनवरी 2026 को मुख्यमंत्री जनसुनवाई प्रणाली, उत्तर प्रदेश पर दर्ज कराई गई है। क्षेत्रीय जनता को अब उम्मीद है कि जिला प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर आवश्यक कदम उठाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गुणवत्ता की जांच नहीं की गई तो सड़क जल्द ही पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो सकती है।



