ललितपुर
कमिश्नर/रोल आब्जर्वर ने जिले में एसआईआर को लेकर राजनैतिक दलों व प्रशासन के साथ की बैठक
अन्य जिलों की अपेक्षा ललितपुर में अनमेप्ड मतदातों की संख्या कम, राजनैतिक दलों व प्रशासनिक टीम ने किया अच्छा काम : कमिश्नर

अनमेप्ड मतदाताओं की मैपिंग में सहयोग हेतु राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से की अपील
31 जनवरी व 1 फरवरी को पोलिंग बूथों पर आयोजित होगा विशेष बूथ अभियान, अधिक से अधिक भरवाएं फार्म-6
12 उत्तीण छात्र-छात्राओं का डाटा तैयार कर उन्हें नये मतदाता बनाये जाने के दिये निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। मंडलायुक्त झांसी मंडल झांसी/रोल प्रेक्षक बिमल कुमार दुबे ने जिलाधिकारी सत्य प्रकाश के साथ मंगलवार को कलैक्ट्रेट सभागार में निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के सम्बंध में जनपद के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की और एसआईआर कार्य का फीडबैक लिया। रोल प्रेक्षक ने राजनैतिक दलों एवं अधिकारियों का परिचय प्राप्त करते हुए कहा लगभग 22 वर्ष बाद एसआईआर हो रहा है, इसमें हमें मिलकर काम करना है और मतदाता सूची की शत प्रतिशत शुद्ध कराना है राजनैतिक दलों और प्रशासनिक टीम ने मिलकर एसआईआर में बहुत अच्छा काम किया है, इसका परिणाम यह है कि अन्य जिलों की अपेक्षा हमारे यहां अन्मेप्ड मतदाताओं की संख्या कम है। इसलिए यहां नोटिस दिए जाने की संख्या भी बहुत कम है। उन्होंने राजनैतिक दलों से अपील की कि स्थानीय होने के नाते उन्हें मतदाताओं के बारे में अधिक जानकारी है, ऐसे में वे मृतक व शिफ्टेड मतदाताओं की मैपिंग में प्रशासनिक टीम का सहयोग करें, आगामी 31 जनवरी व 1 फरवरी को पुन: विशेष बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा, इसमें अपने अपने बीएलए के माध्यम से बीएलओ को मृतक व शिफ्टेड मतदाताओं का सही डेटा उपलब्ध करा दें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के 12 पास बच्चों का डेटा तैयार कर सभी के फार्म 6 भरवा दें, इसके साथ ही शहरी क्षेत्र में वार्डवार मृतक मतदाताओं की सूची राजनैतिक दलों के सहयोग से तैयार कर उसे एएसडी सूची के मिलान करके डिलीशन की कार्यवाही करें। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद समय समय पर राजनैतिक दलों के साथ बैठकें आयोजित कर एसआईआर का डेटा उपलब्ध कराया गया है और उनसे सुझाव एवं आपत्तियां मांगी गई हैं। अभी भी अगर कोई त्रुटि रह गई हो तो उपलब्ध करा दें, संबंधित फार्म भरवाकर उसे सुधार लिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल और वोटर हेल्पलाइन हेल्प के माध्यम से मतदाता स्वयं अपना फार्म भर सकते हैं। बैठक में राजनैतिक दलों से उनके सुझाव व आपत्तियों के बारे में पूछा गया, जिस पर अवगत कराया गया कि विकास खण्ड बिरधा के ग्राम कल्यानपुरा में नाले पर पुलिया न होने के कारण पत्थर लगाकर निकलना पड़ता है, बच्चे व बुजुर्गों के लिए खतरा अधिक होता है, इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल दूरभाष पर खण्ड विकास अधिकारी को नाले पर पुलिया निर्माण कराये जाने के निर्देश दिये। राजनैतिक दलों ने यह भी सुझाव दिया कि सहरिया बाहुल्य ग्रामों में अधिकारियों की टीम भेजकर वहां मतदाता जागरुकता अभियान चलाया जाए, जिस पर उप जिलाधिकारियों व खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ऐसे ग्रामों का चिन्हीकरण कर वहां मतदाता जागरुकता कार्यक्रम आयोजित कराये जायें और फार्म 6, 7 व 8 के सम्बंध में आवश्यक कार्यवाही की जाए। बैठक में एडीएम, सहायक निर्वाचन अधिकारी, डीआईओ के अलावा राजनैतिक दलों के श्रीकान्त, सुरेन्द्र, आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष हरदयाल सिंह लोधी एड., बसपा से अनेक सिंह, रामकिशन बैजनाथ, भाजपा से बंशीधर श्रीवास, इण्डियन नेशनल कांग्रेस से जसपाल सिंह व पंकज हुण्डैत, अपना दल जिला महासचिव सोहन लाल निरंजन उपस्थित रहे।