शामली

अंतर्राज्यीय जालसाज गिरोह का भंडाफोड़, सात गिरफ्तार लाखों की नगदी लग्जरी कारें बरामद 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। सर्विलांस टीम व थाना आदर्शमंडी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में सरकारी व प्राइम लोकेशन की जमीन दिखाकर फर्जी खसरा-खतौनी तैयार कर 20 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय जालसाज गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7 लाख रुपये नकद, दो लग्जरी कारें, फर्जी दस्तावेज व मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
बुधवार को एसपी एनपी सिंह ने पुलिस लाईन में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि उत्तराखंड के रुड़की निवासी आदित्य कुमार सिंह ने थाना आदर्शमंडी पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि अभियुक्तों ने फर्जी व कूटरचित खसरा-खतौनी दिखाकर जमीन का सौदा कराया और 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। गुरूवार को थाना आदर्शमंडी पुलिस ने वांछित सात अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में निखिल मलिक पुत्र पवन कुमार निवासी ग्राम भिक्का माजरा थाना भौराकला, हाल निवासी मौहल्ला रेलपार, अशोक पुत्र श्यामलाल निवासी मौहल्ला हर्ष विहार हापुड, पुष्पेन्द्र उर्फ पिन्टू पुत्र अमर सिंह निवासी मौहल्ला लज्जापुरी हापुड, जगतपाल पुत्र अमरपाल निवासी जसरुप नगर चन्द्रलोक कालोनी हापुड, रणजीत पुत्र राजेन्द्र निवासी ग्राम दादरी मेरठ, राजीव पुत्र सोमपाल निवासी ग्राम लिलौन शामली और अंकित पुत्र जसवीर निवासी ग्राम काबडौत शामिल है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से लगभग सात लाख रुपये नकद, जमीन के फर्जी दस्तावेज, तीन मोबाइल फोन तथा दो कारें बरामद की हैं। पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह जमीन मालिकों से साठगांठ कर प्राइम लोकेशन की जमीनों को चिन्हित करता था और अपने साथियों को बड़ा डीलर बताकर भोले-भाले लोगों से ऊंचे दाम पर एग्रीमेंट कराता था। टोकन मनी व एडवांस के नाम पर लाखों रुपये लेने के बाद अभियुक्त फरार हो जाते थे और मोबाइल नंबर बंद कर लेते थे। एसपी ने बताया कि उक्त गिरोह अब तक दर्जनों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है। एसपी ने आम जनता से अपील की है कि जमीन का कोई भी सौदा करने से पहले संबंधित विभागों से दस्तावेजों की भली-भांति जांच कर लें तथा किसी भी संदिग्ध लेन-देन की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button