शामली
ट्रक ड्राइवर देश की रीड की हड्डी है, दिलमान साजिद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कस्बे के किवाना मोड़ पर उत्तर प्रदेश ड्राइवर एकता मजदूर संगठन के तत्वावधान में गणतंत्र दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार को संगठन पदाधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया।
इस मौके पर थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने उपस्थित ट्रक व वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने ड्राइवरों से अपील की कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के प्रदेश अध्यक्ष दिलमान साजिद ने कहा कि ट्रक ड्राइवर देश की रीढ़ की हड्डी हैं। उनके बिना देश की अर्थव्यवस्था और आपूर्ति व्यवस्था की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने ड्राइवरों के हितों की रक्षा और उनके सम्मान के लिए संगठन के निरंतर प्रयासों की बात कही। इस दौरान उन्होंने सभी ट्रक चालकों से सरकार के द्वारा जारी नियमों का पालन करने की अपील की और संगठन के पदाधिकारियों को कार्ड व प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर वैसर प्रधान, चौधरी आजम, इंतजार, वकील प्रधान, तहसीन प्रधान, नसीम एडवोकेट सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ड्राइवर मौजूद रहे।


