37,033 मतदाता तय तय करेंगे पाकुड़ नगर निकाय चुनाव में प्रत्याशियों का भाग्य
37,033 voters will decide the fate of candidates in Pakur municipal elections.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। नगर निकाय निर्वाचन–2026 को लेकर पाकुड़ समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने चुनाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां मीडिया के साथ साझा कीं। उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि नगर निकाय निर्वाचन–2026 के तहत पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र के कुल 21 वार्डों में 42 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जायेगा। इस चुनाव में कुल 37,033 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 18,356 पुरुष एवं 18,677 महिला मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, रांची द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार अभ्यर्थी 29 जनवरी 2026 से 4 फरवरी 2026 तक नाम निर्देशन पत्र दाखिल कर सकते हैं। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 5 फरवरी 2026 को की जायेगी, जबकि अभ्यर्थी 6 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 5 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। उपायुक्त ने बताया कि 7 फरवरी 2026 को निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जायेगा। मतदान की तिथि 23 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है, जबकि मतगणना 27 फरवरी 2026 को की जायेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वार्डों की सीमा 1 अक्टूबर 2024 के अनुसार ही प्रभावी रहेगी तथा मतदाता जिस बूथ से पूर्व में जुड़े हैं, उसी बूथ के मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि चुनावी तिथियों की घोषणा के साथ ही पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो चुकी है। अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति किसी प्रकार का जमावड़ा चुनावी नियमों के विरुद्ध माना जायेगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए कई मतदान केंद्रों को संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील के रूप में चिह्नित किया गया है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं तथा अतिरिक्त सुरक्षा बलों की मांग भी की गई है। प्रेस वार्ता में परियोजना निदेशक, आईटीडीए, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



