
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। केन्द्रीय विद्यालय, सारणी के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह एवं पूर्व छात्र सम्मेलन (एलुमनी मीट) 23 एवं 24 जनवरी को विद्यालय परिसर में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में पूर्व छात्र, सेवानिवृत्त शिक्षक, पूर्व प्राचार्यगण एवं विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान जापान से विशेष रूप से पधारे पूर्व छात्र योगेश देशमुख ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें केन्द्रीय विद्यालय सारणी का छात्र होने पर गर्व है। उन्होंने विद्यालय से जुड़ी अपनी स्मृतियों को भावुक शब्दों में साझा किया।
विद्यालय के प्रथम बैच के पूर्व छात्र श्री सतनाम सिंह एवं श्री सुरेश पुरोहित ने भी अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक परंपरा, अनुशासन एवं संस्कारों की सराहना की।
इसके साथ ही *पूर्व छात्र एवं जिला पंचायत अध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त) श्री राजा पवार* ने भी मंच से अपने अनुभव साझा किए और कहा कि केन्द्रीय विद्यालय सारणी ने उनके जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम में *वर्धमान ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट श्री राजकुमार सिंह* की विशेष उपस्थिति रही, जिससे आयोजन की गरिमा और अधिक बढ़ी।
23 जनवरी को आयोजित पूर्व छात्र सम्मेलन में पूर्व स्टाफ का सम्मान, पूर्व छात्रों का आपसी संवाद, सजीव संगीत कार्यक्रम, डीजे नाइट, अलाव एवं सामूहिक रात्रि भोज का आयोजन किया गया।
वहीं 24 जनवरी को स्वर्ण जयंती समारोह के अंतर्गत प्रातः विद्यालय की प्रार्थना सभा एवं स्वर्ण जयंती सभा, 51 पौधों का वृक्षारोपण अभियान, दीप प्रज्वलन, प्राचार्य एवं मुख्य अतिथि का संबोधन, विद्यार्थियों एवं पूर्व छात्रों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, शिक्षकों का सम्मान, स्वर्ण जयंती स्मारिका का विमोचन तथा पूर्व छात्र गोलमेज चर्चा आयोजित की गई।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन, समूह छायाचित्र एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया। आयोजन समिति की ओर से अध्यक्ष *श्रीमती रेनू एरुलू*, उपाध्यक्ष *लोकेश सोनी,* सचिव *नंद किशोर बारंगे,* कोषाध्यक्ष *रविंद्र नरवरे* एवं सोशल मीडिया प्रभारी *सुनील गुप्ता* ने सभी पूर्व छात्रों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया।


