कैराना
ढोल बजाने के बहाने घर में बंधक बनाकर मारपीट, दो महिलाएं गिरफ्तार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। कैराना पुलिस ने ढोल बजाने के बहाने दो युवकों को घर में बंधक बनाकर मारपीट करने और उनसे रुपये की जबरन वसूली करने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2,000 रुपये नगद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित आतिश पुत्र राजू,निवासी मोहल्ला पंसारियान, वाल्मीकि बस्ती, कोतवाली शामली ने 25 जनवरी को एक लिखित तहरीर दी थी। तहरीर में उन्होंने बताया कि ढोल बजाने का बहाना बनाकर उन्हें और उनके साथी आशु को एक घर में बंधक बना लिया गया। आरोपियों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट की और उनसे जबरन रुपये वसूले। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शामली, एन.पी. सिंह ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद, 28 जनवरी को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग अभियान के दौरान, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला और क्षेत्राधिकारी कैराना के नेतृत्व में थाना कैराना पुलिस ने दो महिलाओं जुल्लो पत्नी इस्लाम और आसमा पत्नी वसीम निवासीगण मोहल्ला आर्यापुरी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं के कब्जे से 2,000 रुपये नगद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मामले में अन्य वांछित अभियुक्तों की तलाश जारी है और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उ.नि. विनोद कुमार राघव, सोनू भाटी,मोनू कुमार और महिला कोस्टेबिल ज्योति शामिल थे।

