खैरथल
राष्ट्रनिर्माण के संदेश के साथ हिंदू सम्मेलन का हुआ आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में महाराणा प्रताप बस्ती की ओर से रविवार को शहर की आनंद नगर कॉलोनी स्थित झूलेलाल मंदिर परिसर में हिन्दू सम्मेलन का अत्यंत भव्य, सुव्यवस्थित एवं ऐतिहासिक आयोजन किया गया। सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रनिर्माण के संदेश के साथ आयोजित यह सम्मेलन पूरे खैरथल क्षेत्र के लिए सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त प्रतीक बनकर सामने आया।
सम्मेलन से पूर्व प्रातःकाल पारंपरिक प्रभात फेरी के निकाली गई। भगवा ध्वजों से सजी प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक, युवा वर्ग और मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सनातन संस्कृति के जयघोष और धार्मिक नारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया और वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार देखने को मिला।
झूलेलाल मंदिर परिसर में आयोजित मुख्य सम्मेलन में छात्र- छात्राओं द्वारा प्रस्तुत धार्मिक एवं देशभक्ति गीतों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भारतीय परंपरा, संस्कार और राष्ट्रप्रेम को सजीव रूप में प्रस्तुत किया।
सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रान्त शारीरिक शिक्षण प्रमुख महेश कुमार जावली मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
सम्मेलन की अध्यक्षता आयोजन समिति अध्यक्ष डॉ. प्रदीप मालिक ने की, जबकि भागुपुरी गोस्वामी, पंडित गोपाल शर्मा, पंडित विवेक शास्त्री, पूज्य सिंधी पंचायत अलवर जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश रोघा मुख्य अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन राजकुमार दादवानी एवं डॉ. प्रदीप मालिक ने कुशलतापूर्वक किया। सम्मेलन का समापन धर्मप्रेमी बंधुओं द्वारा प्रसादी ग्रहण के साथ हुआ।


