नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा। जिला अंतर्गत जमनी पहाड़पुर पंचायत के ग्राम जमनी पहाड़पुर में एक दिवसीय गन्ना विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को गन्ने की उन्नत खेती, उत्पादन बढ़ाने की तकनीक एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम में प्रशिक्षक नीतीश कुमार द्वारा किसानों को गन्ने की वैज्ञानिक खेती, भूमि चयन, उन्नत बीज का प्रयोग, बुवाई की विधि, सिंचाई व्यवस्था, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा उत्पादन लागत कम कर अधिक लाभ प्राप्त करने के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान किसानों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।
प्रशिक्षक नीतीश कुमार ने बताया कि गन्ना खेती किसानों की आय बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम है। विभाग द्वारा किसानों के लिए उन्नत किस्म के गन्ना बीज भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों को आर्थिक लाभ मिलेगा। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान उपस्थित रहे। किसानों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से उन्हें खेती की नई तकनीकों की जानकारी मिल रही है, जिससे वे गन्ने की खेती को लेकर पहले से अधिक उत्साहित हैं। कई किसानों ने आने वाले समय में बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती करने की इच्छा भी जताई। कार्यक्रम के दौरान कृषि क्षेत्र में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया।



