बेतुल
बैतूल जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से करें निराकरण: जिला पंचायत सीईओ जैन
जिला पंचायत सीईओ जैन ने जनसुनवाई में सुनीं नागरिकों की समस्याएं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षत जैन ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में प्रातः 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, बिजली, पानी सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुई। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री जैन ने कई प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर ही निराकरण कराया, वहीं शेष मामलों में समय-सीमा तय करते हुए अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनी। जनसुनवाई में कुल 134 आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
—अनुग्रह सहायता राशि दिलाए जाने की मांग—
जनसुनवाई में ग्राम मालीतिपटी निवासी दिनेश हनोते ने अनुग्रह सहायता राशि दिलाए जाने के लिए आवेदन दिया। जिस पर जिला पंचायत सीईओ ने श्रम अधिकारी को प्रकरण का तत्काल निराकरण किए जाने के निर्देश दिए। बैतूल तहसील के ग्राम बगवाड़ निवासी कमला उईके ने संबल कार्ड के तहत सहायता राशि प्रदान किए जाने के लिए आवेदन दिया। जिस पर जिला पंचायत सीईओ ने श्रम अधिकारी को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए।
—पीएम आवास की किस्त दिलाए जाने की मांग—
जनसुनवाई में बैतूल तहसील के ग्राम बरसाली निवासी किसन यादव ने बैतूल -आमला रोड के अधूरे निर्माण को पूर्ण किए जाने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर जिला पंचायत सीईओ ने पीडब्ल्यूडी के ईई को प्रकरण की जांच कर निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम कतिया कोयलारी निवासी राजेंद्र ने आवेदन के माध्यम से पीएम आवास योजना की किस्त नहीं मिलने की शिकायत की। जिस पर जिला पंचायत सीईओ ने जनपद पंचायत के संबंधित अधिकारी को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम खेड़ीसावलीगढ़ निवासी नीमा मांडवे ने रोजगार उपलब्ध कराने के लिए आवेदन दिया। जिस पर जिला पंचायत सीईओ ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए।




