गाजियाबाद

वेद विहार–अंकुर विहार मुख्य मार्ग पर जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त

नाला जाम होने से दस दिनों से कीचड़ में तब्दील सड़क, नगर पालिका बेखबर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : एस एल एफ वेद विहार से अंकुर विहार को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर पिछले दस दिनों से जलभराव और नाला जाम की समस्या के कारण हालात बेहद खराब हो गए हैं। सड़क पर पानी भर जाने से आम जनता का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। पैदल चलने वाले लोगों के लिए तो इस रास्ते से निकलना लगभग असंभव हो गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नाले की नियमित सफाई न होने के कारण पानी का निकास बंद हो गया है, जिससे नाला ओवरफ्लो होकर मुख्य सड़क पर फैल गया है। लगातार वाहनों की आवाजाही से सड़क पर भरा पानी मिट्टी के साथ मिलकर कीचड़ में तब्दील हो गया है। ऐसे में दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं कई लोग फिसलकर गिर भी चुके हैं।
गौरतलब है कि यह वार्ड भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर द्वारा विकास कार्यों के लिए गोद लिया गया है, इसके बावजूद मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी से लोगों में रोष है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगरपालिका परिषद लोनी इस गंभीर समस्या को लेकर पूरी तरह उदासीन बनी हुई है।
वार्ड संख्या 33 के सभासद रामनिवास त्रिपाठी ने बताया कि क्षेत्र में फैली गंदगी और जलभराव की समस्या को लेकर उन्होंने कई बार नगरपालिका परिषद लोनी के अधिशासी अधिकारी के.के. मिश्रा से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनके फोन कॉल का जवाब नहीं मिला। वहीं सफाई निरीक्षक हर बार “सफाई कराई जा रही है” कहकर मामले को टाल देते हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अनुबंधित कंपनी के सफाई कर्मचारी समय पर नहीं पहुंचते और जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन दिया जाता है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही नाले की सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
अब देखना यह है कि नगरपालिका परिषद और जनप्रतिनिधि कब तक इस समस्या का समाधान करते हैं या फिर जनता को यूं ही बदहाल सड़कों पर संघर्ष करना पड़ेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button