बरेली

रामायण वाटिका और रुद्रावनम हुए तैयार

अब है सीएम के आगमन का इंतजार...

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। नाथनगरी बरेली में बहुप्रतीक्षित रामायण वाटिका और रुद्रावनम पार्क के उद्घाटन को लेकर एक बार फिर सुगबुगाहट तेज हो गई है। बीते वर्ष दिसंबर माह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर बरेली विकास प्राधिकरण ने दोनों परियोजनाओं में तैयारियां अंतिम रूप तक पहुंचा दी थीं।
हालांकि, मुख्यमंत्री 11 दिसंबर को राज्यपाल संतोष गंगवार के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होकर ही लखनऊ वापस लौट गए थे, जिससे उद्घाटन टल गया था। अब एक बार फिर फरवरी में मुख्यमंत्री के शहर आगमन की संभावना जताई गई है। हालांकि इसके लिए अभी कोई स्पष्ट तिथि नहीं बताई जा सकी है।
बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. मनिकंडन ए. ने बताया कि रामायण वाटिका प्राधिकरण की सबसे महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक पार्क नहीं, बल्कि धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय सोच का संगम है। रुद्रावनम पार्क में अत्याधुनिक लैंडस्केपिंग, वॉटर बॉडीज और हरित क्षेत्र का विकास कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं, रामायण वाटिका में मियावाकी तकनीक से विकसित घना वन क्षेत्र, आकर्षक मूर्तिकला और इंस्टॉलेशन लगाए गए हैं, जो लोगों को रामायण काल से जोड़ने का अनुभव देंगे।
दोनों स्थलों को उद्घाटन की तैयारियां विभाग के स्तर पर पूरी की जा चुकी है। प्राधिकरण सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बरेली दौरा फरवरी माह में किसी भी समय तय किया जा सकता है। ऐसे में संभावना है कि वह रामायण वाटिका का औपचारिक शुभारंभ करेंगे और भगवान शिव को समर्पित रुद्रावनम पार्क का भूमि पूजन भी करेंगे। इसके साथ ही शहर में चल रही और प्रस्तावित कई विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल किया जा सकता है। फिलहाल बीडीए अधिकारियों को शासन स्तर से अंतिम हरी झंडी मिलने का इंतजार है। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासनिक अमला भी अलर्ट मोड में है
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button