खैरथल
राज्य बीमा पॉलिसियों के परिपक्वता दावे 28 फरवरी 2026 तक प्रस्तुत करने का आग्रह किया
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। डॉ. संजीव कुमार दास, संयुक्त निदेशक, राज्य बीमा एवं प्रावधायी निधि विभाग, अलवर के अनुसार जिले के ऐसे समस्त राज्य कर्मचारी जिनकी जन्म तिथि 01.04.1966 से 31.03.1967 के मध्य है, उनकी जीवन पर जारी राज्य बीमा पॉलिसी दिनांक 01.04.2026 को भुगतान हेतु परिपक्व होने जा रही है। संबंधित कर्मचारियों से समय पर परिपक्वता दावा प्रस्तुत करने का आग्रह किया गया है।
परिपक्वता दावा प्रस्तुत करने के लिए कर्मचारी परिशिष्ट “क” (पदस्थापन विवरण सहित), मूल बीमा पॉलिसी बॉण्ड (दोनों ओर से), बीमा पासबुक/रिकॉर्ड बुक, कैंसिल चेक अथवा बैंक पासबुक के प्रथम पृष्ठ की प्रति तथा अंतिम बढ़ी हुई बीमा कटौती से संबंधित घोषणा पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज अपनी स्वयं की एसएसओ आईडी से न्यू एसआईपीएफ पोर्टल पर दिनांक 28.02.2026 तक अनिवार्य रूप से अपलोड कर ऑनलाइन प्रेषित करें। ताकि स्वत्व राशि के अग्रिम भुगतान आदेश जारी कर समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जा सके। ऐसे कर्मचारियों की बीमा कटौती जनवरी 2026 से बंद कर दी जाएगी।
साथ ही समस्त आहरण एवं वितरण अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि उनके अधीनस्थ जिन कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति 31.03.2027 तक प्रस्तावित है, उनके बीमा संबंधी दस्तावेजों के साथ जीपीएफ पासबुक, कैंसिल चेक/बैंक पासबुक के प्रथम पृष्ठ की प्रति, परिशिष्ट ‘क’ एवं सेवानिवृत्ति आदेश पोर्टल पर शीघ्र अपलोड करवाना तथा सेवानिवृत्ति तिथि से 60 दिवस पूर्व ऑनलाइन प्रेषित करना सुनिश्चित करें।
इस संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा पूछताछ हेतु विभाग के दूरभाष संख्या 0144-2980410, विभागीय वेबसाइट या कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया जा सकता है।


