Eastern Railway के Malda Division में विशेष टिकट जांच अभियान, 652 मामले पकड़े गये, लगाया₹3,70,805 जुर्माना

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
साहिबगंज। 15 फरवरी 2026 रविवार को Malda Division द्वारा रेलवे राजस्व की सुरक्षा तथा टिकट अनुशासन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विशेष सघन टिकट जांच अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक, मालदा, मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। 15 फरवरी 2026 को आयोजित विशेष अभियान की व्यक्तिगत रूप से निगरानी एवं पर्यवेक्षण वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, मालदा, कार्तिक सिंह द्वारा किया गया। अभियान की शुरुआत मालदा टाउन स्टेशन से हुई, जहां ट्रेन संख्या 13409 मालदा टाउन–किउल इंटरसिटी एक्सप्रेस की सघन जांच की गई। इसके बाद मालदा टाउन– साहिबगंज– भागलपुर– जमालपुर खंड पर लगातार जांच अभियान चलाया गया, जिसमें बरहरवा, करनपुराटो, तीनपहाड़, साहिबगंज एवं भागलपुर स्टेशनों को कवर किया गया। तीनपहाड़ स्टेशन पर स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में जांच की गई। राजमहल–तीनपहाड़ पैसेंजर ट्रेन की भी गहन जांच की गई। आगे साहिबगंज एवं भागलपुर स्टेशनों तथा भागलपुर–जमालपुर खंड की ट्रेनों में भी व्यापक जांच सुनिश्चित की गई। यह अभियान वाणिज्य निरीक्षकों, साहिबगंज, भागलपुर, जमालपुर एवं मालदा स्क्वॉड के टिकट जांच कर्मचारियों तथा रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के सहयोग से संचालित किया गया। सघन टिकट जांच अभियान के दौरान कुल 652 अनियमित यात्रा के मामले पकड़े गए, जिनसे ₹3,70,805 का जुर्माना वसूला गया। मालदा मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित एवं वैध टिकट लेकर यात्रा करें ताकि असुविधा एवं दंड से बचा जा सके। यात्रियों को सुविधाजनक एवं पेपरलेस यात्रा के लिए रेलवन ऐप के माध्यम से डिजिटल टिकटिंग सुविधा अपनाने तथा डिजिटल एवं कॉन्टैक्टलेस भुगतान विकल्पों का उपयोग करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया है।



