नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जनपद के जखौरा थाना क्षेत्र में एक बस यात्रा के दौरान छात्रा से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में पीडि़ता के पिता की तहरीर पर थाना जखौरा में बस चालक और परिचालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 74 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उनकी पुत्री उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए इंदौर (मध्य प्रदेश) में पढ़ाई करती है और समय-समय पर बस से घर आती-जाती रहती है। बीते 7 फरवरी 2026 की शाम करीब 6 बजे वह जखौरा से बस संख्या यू.पी. 78 टी 2451 में सवार हुई थी। आरोप है कि रात्रि करीब 3.30 बजे बस चालक और परिचालक ने गलत नीयत से उसकी पुत्री के साथ छेड़छाड़ की। पीडि़ता ने साहस दिखाते हुए अन्य यात्रियों की मदद से स्वयं को बचाया। बाद में इस घटना की सूचना थाना जखौरा में दी गई, लेकिन तत्काल कार्रवाई न होने पर पीडि़ता के पिता ने लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।