गाजियाबाद

 ट्रोनिका सिटी की अंसल कॉलोनी में सनसनी

खनन व्यापारी के कार्यालय में निजी गनर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

कालोनी में हड़कंप, अलग–अलग चर्चाओं का दौर; जांच के बाद ही होगा घटना का सही खुलासा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र की अंसल कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया जब खनन व्यापारी के कार्यालय में कार्यरत निजी गनर की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान विक्की उर्फ राजबीर निवासी हिमाचल के रूप में हुई है, जो खनन कार्य से जुड़े व्यापारी सुधीर राठी के यहां निजी गनर के रूप में कार्यरत था। सोमवार दोपहर करीब 12:40 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सुधीर राठी के कार्यालय में राजबीर के सीने में गोली लगी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि लाइसेंस प्राप्त पंप एक्शन गन से गोली चली है, जो सुधीर राठी के नाम से पंजीकृत बताई जा रही है।
गोली लगने से विक्की की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच के लिए नमूने एकत्र किए।
प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस खनन व्यापारी सहित संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि पंप एक्शन गन आकार में बड़ी होती है और उससे गोली कैसे चली, यह जांच का विषय है। सभी पहलुओं—आत्महत्या, हादसा या अन्य किसी संभावना को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

एसीपी ने बताया कि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
कालोनी में तरह–तरह की चर्चाएं
घटना के बाद अंसल कॉलोनी में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर जारी है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर हैरान हैं और अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही घटना का सही खुलासा होने की संभावना है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button