शामली
कब्रिस्तान विवाद में फंसी सुंदरनगर की गली
पांच महीने से उखड़ा खड़ंजा और कीचड़ में फंसे स्कूल के बच्चे।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। कस्बे के मजरा सुंदरनगर में बग्गा सिंह के मकान से मुनेश के घर तक जाने वाली गली पिछले पांच महीनों से बदहाल पड़ी है। खड़ंजा उखाड़कर आरसीसी सड़क बनाने का कार्य शुरू तो हुआ, लेकिन विवाद के चलते बीच में ही रुक गया। अब स्थिति यह है कि न पुराना खड़ंजा बचा और न नई सड़क बनी, जिससे मोहल्लेवासी परेशानी झेल रहे हैं।
चौसाना के मजरा सुंदरनगर में करीब पांच महीने पहले ठेकेदार ने पुरानी ईंटें उखाड़ ली थीं। आरसीसी सड़क निर्माण की तैयारी की गई कुछ सड़क बनी भी लेकिन बसारत पक्ष ने काम बंद करा दिया गया। तब से गली कच्ची हालत में पड़ी है। बारिश और घरों के पानी से जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, जिनमें कीचड़ और जलभराव रहता है।
गुरुनेज जग, मुनेश, सोमपाल, धर्मपाल, मालक, निकला, लखविंदर, अंग्रेज, निक्का, जगबीरी, रोशनी, सुरेश और तेजा सहित कई लोगों का कहना है कि पहले की गली इससे बेहतर थी। कम-से-कम खड़ंजा तो था। अब ईंटें भी उठा ली गईं और रास्ता भी खराब कर दिया। उनका कहना है कि स्कूल जाने वाले बच्चे इसी रास्ते से गुजरते हैं और फिसलने का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार पंचायत स्तर पर समस्या रखी गई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। बुजुर्गों और महिलाओं को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कोट,
ग्राम पंचायत सचिव राहुल कुमार ने बताया कि बसारत पक्ष द्वारा एसडीएम ऊन से शिकायत की गई थी कि संबंधित भूमि कब्रिस्तान की है। शिकायत के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है और कोर्ट के आदेश के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।


