बरेली
मान्यता 10वीं तक, एडमिशन 12वीं में… बरेली में स्कूल प्रबंधन की करतूत उजागर
छात्राओं से ठगी: इंटर की फर्जी दाखिला प्रक्रिया में प्रधानाचार्य गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। जिले में शिक्षा व्यवस्था को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। भुता थाना क्षेत्र के गंगापुर स्थित सहोद्रा देवी मेमोरियल हायर सेकेंडरी स्कूल में छात्राओं से धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कूल के प्रधानाचार्य कमलेश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
आरोप है कि विद्यालय को केवल हाईस्कूल (10वीं) तक की मान्यता प्राप्त है, इसके बावजूद इंटरमीडिएट (12वीं) में प्रवेश के नाम पर छात्राओं से मोटी फीस वसूली गई। छात्राओं से फार्म भरवाकर हजारों रुपये जमा कराए गए, लेकिन परीक्षा के समय उन्हें प्रवेश पत्र तक उपलब्ध नहीं कराए गए। जब पीड़ित छात्राओं और उनके परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन से जवाब तलब किया तो उन्हें टालमटोल कर दिया गया। मामले से निराश होकर छात्राओं ने भुता थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि इंटरमीडिएट की मान्यता के बिना ही दाखिले लिए गए, जो नियमों का गंभीर उल्लंघन है।
भुता थाना पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद आरोपी प्रधानाचार्य को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और पीड़ित छात्राओं के हितों की रक्षा की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से उम्मीद जताई जा रही है कि भविष्य में ऐसे मामलों पर अंकुश लगेगा और शिक्षा संस्थानों की जवाबदेही तय होगी।



