झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने का संकल्प, दवा और कर्मियों की कमी नहीं होगी- डॉ. इरफान अंसारी
Resolve to strengthen health services in Jharkhand, there will be no shortage of medicines and personnel - Dr. Irfan Ansari

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। 20 फरवरी 2026 शुक्रवार को झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने को लेकर सरकार ने ठोस आश्वासन दिया। डुमरी विधायक श्री जयराम कुमार महतो द्वारा गिरिडीह और बोकारो जिलों के प्रखंडों में स्वास्थ्य कर्मियों की बहाली और दवा आपूर्ति से जुड़े प्रश्न के जवाब में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य में कहीं भी दवा या स्वास्थ्य कर्मियों की कमी नहीं होने दी जाएगी।
मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025–26 में डुमरी प्रखंड के स्वास्थ्य केंद्र के लिए ₹4,50,000 और नावाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए ₹8,33,716 की दवाओं की खरीद की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त जिला स्वास्थ्य समिति और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के माध्यम से निरंतर दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कोविड-19 अवधि में क्वारंटाइन और उपचार की तत्काल व्यवस्था के लिए कंचनपुर (नावाडीह) में अस्थायी फेब्रिकेटेड अस्पताल का निर्माण कराया गया था। चूंकि यह अस्थायी था, इसलिए इसके लिए पद सृजन का प्रावधान नहीं किया गया। मंत्री ने मुख्यमंत्री कायाकल्प योजना के तहत सभी CHC और PHC को स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु ₹2 लाख की राशि प्रदान किए जाने की जानकारी दी। राज्य में स्वीकृत कुल 133 पदों में कर्मी कार्यरत हैं। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, “व्यवस्था में व्यापक सुधार की प्रक्रिया जारी है। थोड़ा समय जरूर लग रहा है, लेकिन हम हर स्तर पर सिस्टम को दुरुस्त कर रहे हैं ताकि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। हमारी सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर पूरी तरह गंभीर है और मैं स्वयं दिन-रात मेहनत कर रहा हूं, जिसका सकारात्मक बदलाव पूरे राज्य में दिखाई दे रहा है।”
उनके उत्तर से विधायक श्री जयराम कुमार महतो संतुष्ट नजर आए।



