खैरथल
लाल पहाड़ी में मासूम पर श्वान का हमला, लोगों में आ आक्रोश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। नगरपरिषद क्षेत्र के लाल पहाड़ी इलाके में आवारा श्वानों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को एक चार वर्षीय मासूम बालिका तनुजा पर श्वान ने हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार लाल पहाड़ी निवासी रामबाबू की चार साल की पुत्री तनुजा घर के बाहर खेल रही थी, तभी एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। श्वान ने बालिका के बाएं हाथ और सिर पर काट लिया, जिससे उसे गहरी चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बालिका को कुत्ते से छुड़ाया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शहर में आवारा श्वानों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन नगरपरिषद द्वारा इनके नियंत्रण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। आए दिन श्वानों के हमलों में बच्चे और बुजुर्ग घायल हो रहे हैं, जिससे आमजन में भय का वातावरण बना हुआ है।
लाल पहाड़ी सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनकी नसबंदी व पुनर्वास की प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।


