गाजियाबाद
लोनी कथित अपहरण प्रकरण
अंकुर विहार पुलिस ने अपहरण से किया इनकार, गुमशुदगी दर्ज करने की तैयारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : अशोक विहार कॉलोनी निवासी अमन पुत्र शकील के कथित अपहरण मामले में नया मोड़ आ गया है। अंकुर विहार थाना पुलिस ने प्रथम दृष्टया इस घटना को अपहरण मानने से इनकार कर दिया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले को गुमशुदगी के रूप में दर्ज कर जांच की जाएगी।
गौरतलब है कि परिजनों ने पुलिस को बताया कि गढ़ी जस्सी गेट के पास थार सवार युवकों ने अमन पुत्र शकील को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए और उसके साथ मारपीट की। युवक द्वारा फोन कर घटना की सूचना देने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया था और बड़ी संख्या में लोग लोनी थाने पहुंच गए थे। पुलिस ने घटनास्थल अंकुर बिहार बताकर अपना पल्ला झाड़ लिया। अंकुर बिहार थाना प्रभारी योगेंद्र पवार का कहना है कि अभी तक ऐसी कोई ठोस पुष्टि नहीं हुई है जिससे सीधे तौर पर अपहरण की धारा लगाई जा सके। जांच के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं।
इस बीच परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे मामले को अपहरण बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब सबकी निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि आखिर यह मामला अपहरण का है या फिर कोई और सच्चाई सामने आएगी।


