अमरोहा
अमरोहा डीएम के निरीक्षण के बाद जेई और लिपिक पर केस दर्ज करने के आदेश
विनियमित क्षेत्र कार्यालय से फाइलें गायब FIR दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा तहसील परिसर स्थित विनियमित क्षेत्र कार्यालय से महत्वपूर्ण पत्रावलियां गायब होने के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है।अमरोहा जिलाधिकारी के निरीक्षण के बाद मिले आदेश पर अवर अभियंता भानु प्रताप सिंह और लिपिक आशीष यादव के खिलाफ अमरोहा नगर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है।यह कार्रवाई एसडीएम सदर शैलेश कुमार दुबे की तहरीर पर हुई है।दरअसल शुक्रवार को अमरोहा की जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने तहसील स्थित विनियमित क्षेत्र कार्यालय का औचक निरीक्षण किया था।निरीक्षण के दौरान कार्यालय के सीसीटीवी कैमरे खराब पाए गए और फाइलों का रख-रखाव भी अस्त-व्यस्त मिला।नक्शों से संबंधित तीन अहम फाइलें मौके पर गायब मिलीं। पूछताछ में सामने आया कि एक फाइल अवर अभियंता (जेई) द्वारा घर पर रखी गई थी। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के आदेश पर एसडीएम सदर शैलेश दुबे ने जेई और कार्यालय लिपिक के खिलाफ शहर कोतवाली में तहरीर दी।कोतवाली प्रभारी सुनील कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ विभागीय स्तर पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले की शिकायत पहले ही उच्चाधिकारियों तक पहुंच चुकी थी जिसके बाद यह कार्रवाई अमल में लाई गई।



