ललितपुर
दिल्ली के एआई समिट विरोध का मामला
यूपी युवक कांग्रेस महासचिव ऋतिक शुक्ला हिरासत में दिल्ली स्पेशल सेल की कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़े मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने रविवार को उत्तर प्रदेश युवक कांग्रेस के महासचिव ऋतिक शुक्ला उर्फ मोंटी शुक्ला को ललितपुर से हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई से स्थानीय राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, स्पेशल सेल की टीम रविवार को ललितपुर पहुंची और स्थानीय एसओजी के सहयोग से कोतवाली सदर क्षेत्र के नई बस्ती स्थित ऋतिक शुक्ला के आवास पर दबिश दी। टीम ने उन्हें वहीं से हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। हिरासत में लेने के बाद पुलिस टीम ऋतिक शुक्ला को पुलिस लाइन स्थित एसओजी कार्यालय ले गई, जहां उनसे कई घंटों तक पूछताछ की गई। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ पूरी होने के बाद स्पेशल सेल की टीम उन्हें शाम करीब चार बजे दिल्ली लेकर रवाना हो गई। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई भारत मंडपम, दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में की गई है। हालांकि, आधिकारिक स्तर पर विस्तृत बयान का इंतजार है। स्थानीय राजनीतिक हलकों में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है, वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।