जामताड़ा

करमाटांड़ थाना परिसर में होली को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न

Peace committee meeting regarding Holi concluded in Karmatand police station premises.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना परिसर में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कर्माटांड़ के सीआई एवं अंचल अधिकारी सह प्रखंड पदाधिकारी चोनाराम हेंब्रम की उपस्थिति रही। इस दौरान होली के अवसर पर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार के दंगा-फसाद की स्थिति उत्पन्न न हो, इस पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि होली के दिन सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अतिरिक्त उन स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, जहां पूर्व में आपसी विवाद की घटनाएं सामने आई थीं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अंचल अधिकारी चोनाराम हेंब्रम ने कहा कि होली आपसी भाईचारे और सौहार्द का पर्व है, जिसे सभी समुदायों को मिल-जुलकर मनाना चाहिए। उन्होंने अपील की कि यदि किसी व्यक्ति या समुदाय को रंग लगाना पसंद नहीं हो, तो उनकी भावनाओं का सम्मान किया जाए और जबरन रंग न लगाया जाए, ताकि विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। बैठक में मुस्लिम समुदाय के लोगों से भी अपील की गई कि होली के दौरान यदि संभव हो तो कुछ घंटों तक उन स्थानों से न गुजरें, जहां लोग रंगोत्सव मना रहे हों। आवश्यक होने पर वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें। आपात स्थिति, जैसे चिकित्सकीय आवश्यकता होने पर प्रशासन पूरी सहायता प्रदान करेगा। बैठक के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। मौके पर राम प्रसाद मंडल, मुकेश कुमार, मितेश कुमार साह, मुबारक अंसारी, मोहम्मद सकूर अंसारी, विकास कुमार गुप्ता, सुरेश मंडल, इम्तियाज अंसारी, बलराम मंडल, रंजीत मंडल, बालू मंडल, हरिराम यादव सहित दर्जनों शांति समिति के सदस्य मौजूद थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button