गोड्डा
सावन की पहली सोमवारी पर रामेश्वर नाथ महादेव मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
महागामा (गोड्डा) : सावन माह की पहली सोमवारी के अवसर पर महागामा नगर अंतर्गत रामेश्वर नाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। हजारों की संख्या में शिवभक्तों ने “हर हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।भक्तों ने गंगाजल और दूध से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। मंदिर प्रांगण में भक्ति भाव का अद्भुत माहौल देखने को मिला। खासकर महिलाओं और युवाओं में भारी उत्साह देखा गया। मंदिर समिति और प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसमें साफ-सफाई, पेयजल, और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम शामिल रहे।मंदिर का छोटा पड़ा नंदकिशोर झा का कहना है कि सावन की सोमवारी पर यहां हर साल भारी भीड़ उमड़ती है, लेकिन इस बार भक्तों की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर रही। मंदिर परिसर में श्रृंगार का भी आयोजन किया गया, जिसमें भक्तगण पूरे भक्ति भाव से झूमते नजर आए।श्रद्धा और आस्था का यह नजारा क्षेत्र में धार्मिक वातावरण को और भी पावन बना गया।



