गोड्डा
महागामा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रबोध सोरेन ने भाजपा कार्यकर्ताओं से की मुलाकात
ऊर्जानगर ईसीएल हाउस में जीत की खुशी, एक-दूसरे को दी बधाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। महागामा नगर पंचायत चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष प्रबोध सोरेन लगातार क्षेत्र के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से मुलाकात कर आभार व्यक्त कर रहे हैं। इसी क्रम में ऊर्जानगर स्थित ईसीएल हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रबोध सोरेन ने भाजपा कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करते हुए चुनाव में मिले अपार समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि महागामा की जनता, भाजपा परिवार एवं समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत और विश्वास की जीत है। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर एवं फूल-मालाओं के साथ जीत की खुशी साझा की तथा नगर के विकास को लेकर सकारात्मक चर्चा की कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि प्रबोध सोरेन के नेतृत्व में महागामा नगर पंचायत विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
प्रबोध सोरेन ने कहा कि जनता ने जो भरोसा उन पर जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। नगर क्षेत्र में स्वच्छता, सड़क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए जल्द ही ठोस कार्य योजना बनाई जाएगी।ऊर्जानगर ईसीएल हाउस में आयोजित यह कार्यक्रम जीत के उत्सव के साथ-साथ संगठनात्मक एकजुटता का भी प्रतीक बना, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने आगामी विकास कार्यों में कंधे से कंधा मिलाकर चलने का संकल्प लिया।




