गोड्डा
महागामा में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन
होली के रंग अपनों के संग थीम पर सामाजिक एकता का दिखेगा रंग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। रंगों का पावन पर्व होली जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे पूरे महागामा क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल बनता जा रहा है। इसी कड़ी में वर्ष 2026 को लेकर महागामा में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सामाजिक कार्यकर्ता बद्री प्रसाद भगत के नेतृत्व में “होली के रंग अपनों के संग” थीम पर आयोजित होगा, जिसमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। आयोजकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, होली मिलन समारोह का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में आपसी प्रेम, भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं एकता को मजबूत करना है। कार्यक्रम में महागामा सहित आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। समारोह को यादगार बनाने के लिए रंग-गुलाल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, होली गीत-संगीत एवं पारंपरिक मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।कार्यक्रम के संयोजक बद्री प्रसाद भगत ने बताया कि वर्तमान समय में समाज को जोड़ने वाले आयोजनों की अत्यंत आवश्यकता है। होली ऐसा पर्व है जो जाति, धर्म और वर्ग की सीमाओं को समाप्त कर लोगों को एक सूत्र में बांधने का कार्य करता है। इसी सोच के साथ यह होली मिलन समारोह आयोजित किया जा रहा है ताकि लोग आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और भाईचारे का संदेश दें। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग परिवार एवं मित्रों के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर इस आयोजन को सफल बनाएं तथा शांति, सौहार्द और आपसी सम्मान के साथ होली पर्व मनाएं। महागामा में आयोजित होने वाला यह होली मिलन समारोह न सिर्फ सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने का माध्यम बनेगा, बल्कि सामाजिक समरसता और भाईचारे का मजबूत संदेश भी पूरे क्षेत्र में प्रसारित करेगा। कार्यक्रम को लेकर युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।




