बरेली
भारत जोड़ो पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अयातुल्ला अली खामेनेई की शहादत पर दी श्रद्धांजलि

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : भारत जोड़ो पार्टी ने अयातुल्ला अली खामेनेई की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित शोकसभा में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा दो मिनट का मौन रखकर सम्मान प्रकट किया गया। भारत जोड़ो पार्टी ने यह भी कहा कि भारत को सबसे पहले मध्यस्थ के रूप में अपना महान दायित्व निभाना चाहिए। सभी संबंधित देशों को भारत की मध्यस्थता स्वीकार करनी होगी, ताकि यह लड़ाई रोकी जा सके और क्षेत्र में शांति स्थापित हो सके। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर नासिर अली जी ने अपने संबोधन में कहा कि यह केवल ईरान की क्षति नहीं, बल्कि पूरी उम्मते मुस्लिम और न्यायप्रिय विश्व समुदाय की अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि अयातुल्ला अली खामेनेई एक उच्च कोटि के धर्मगुरु और सिद्धांतवादी विचारक थे, जिन्होंने अपने जीवन में अत्याचार और अन्याय के विरुद्ध स्पष्ट एवं निर्भीक रुख अपनाया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जब फिलिस्तीन के मुद्दे पर अनेक शक्तिशाली देश मौन थे, तब अयातुल्ला खामेनेई ने खुलकर उत्पीड़ितों के समर्थन में आवाज़ उठाई। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय शक्तियों से अपील की कि वे विश्व में स्थायी शांति, समानता और स्वतंत्र राष्ट्रों की संप्रभुता का सम्मान सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की मनमानी, दबाव की राजनीति या एकतरफा निर्णय विश्व शांति के हित में नहीं हैं। दुनिया को टकराव नहीं, बल्कि न्यायपूर्ण और संतुलित नेतृत्व की आवश्यकता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अयातुल्ला अली खामेनेई हमारे लिए केवल एक सुप्रीम लीडर नहीं, बल्कि इंसानियत के पक्षधर और सिद्धांतों पर अडिग रहने वाले महान धर्मगुरु व्यक्तित्व थे। ऐसे महान लोग सदियों में कभी-कभी जन्म लेते हैं।
श्रद्धांजलि सभा में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सैय्यद नाजिम अली, प्रदेश उपाध्यक्ष अजमेरी शाह, प्रदेश प्रभारी फिरोज खान, कोषाध्यक्ष गुड्डू इश्तियाक, अशरफ अल्वी, बनने अल्वी, कासिम अली, मकसूद शाह, रहीस मियां, युवा नेता मोहम्मद तैमूर अली शाह, जावेद अब्बासी, अमन, बदायूं प्रभारी नायब अली, खिजमत अली, रेहान खान, अजहर अली सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।अंत में भारत जोड़ो पार्टी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को उच्च स्थान प्रदान हो तथा उनके परिवार, समर्थकों और अनुयायियों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति मिले।



