नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। मदनपुर थाना क्षेत्र से एक विचलित करने वाली खबर सामने आ रही है, जहां एक दिव्यांग किशोर पिछले 6 दिनों से लापता है। मदनपुर के ग्राम उल्दना खुर्द में एक परिवार पिछले 6 दिनों से गहरी मानसिक पीड़ा से गुजर रहा है। 16 वर्षीय रामेश्वर, जो मूक-बधिर (बोल और सुन नहीं सकता) है, 27 फरवरी को बिना बताए घर से कहीं चला गया। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन रामेश्वर का कहीं कोई पता नहीं चला। जैसे-जैसे समय बीत रहा है, परिवार की चिंता और असुरक्षा बढ़ती जा रही है क्योंकि किशोर अपनी बात किसी से कह पाने में असमर्थ है। 16 वर्षीय किशोर रामेश्वर के लापता होने के मामले में मदनपुर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है। पिता काशीराम कुशवाहा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 137 (2) के तहत मामला दर्ज किया है।