ललितपुर
सुम्मेरा तालाब में डूबने से युवक की मौत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। होली के उल्लास के बीच एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां तालाब में डूबने से एक इकलौते बेटे की जान चली गई, जिससे त्यौहार की खुशियां मातम में बदल गईं। होली के दिन जहां हर घर में रंग और पकवानों की महक थी, वहीं कोतवाली सदर के नझाई बाजार निवासी संतोष सिंघई के घर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनका 18 वर्षीय पुत्र शुभम, जो परिवार का इकलौता बेटा था, दोस्तों के साथ होली खेलने निकला था, लेकिन वह कभी वापस नहीं लौटा। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित करते ही परिजनों की चीखों से पूरा माहौल गमगीन हो गया। बुधवार दोपहर को जब पूरा शहर रंगों में सराबोर था, शुभम अपने दोस्तों के साथ तालाबपुरा स्थित सुम्मेरा तालाब पर गया था। होली खेलते समय शुभम अनियंत्रित होकर गहरे तालाब में गिर गया। साथ मौजूद दोस्तों ने तुरंत उसे बचाने की कोशिश की और तालाब से बाहर निकालकर तत्काल मेडिकल कॉलेज ले गए। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी दलबल के साथ पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की बारीकी से जांच कर रही है।