ललितपुर

तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने साइकिल सवार युवक को रौंदा, चालक पर मुकदमा दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। कस्बा महरौनी के ललितपुर रोड स्थित जैन पैथोलॉजी के पास एक तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने ड्यूटी से घर लौट रहे साइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक का बायां हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर हार्वेस्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। मोहल्ला चौधरीपुरा निवासी मनीष नामदेव पुत्र बालकिशन नामदेव बीते 20 फरवरी को दोपहर करीब 3 बजे रिलायंस पेट्रोल पंप से अपनी ड्यूटी खत्म कर साइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह जैन पैथोलॉजी के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित हार्वेस्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मनीष सड़क पर गिर पड़े और उनके शरीर व बाएं हाथ में गंभीर चोटें आईं। तहरीर के मुताबिक, घटना के बाद हार्वेस्टर चालक प्रताप सिंह और स्थानीय एजेंट राघवेंद्र सिंह बुंदेला ने घायल युवक का प्राथमिक उपचार कराया। उन्होंने पीडि़त को भरोसा दिलाया कि इलाज का पूरा खर्च वे उठाएंगे। मनीष ने टीकमगढ़ में जांच कराई तो डॉक्टरों ने हाथ के ऑपरेशन की सलाह दी, जिसमें करीब 30 हजार रुपये का खर्च बताया गया। आरोप है कि शुरुआत में जांच के लिए तीन हजार रुपये देने के बाद आरोपियों ने पीडि़त का फोन उठाना बंद कर दिया और इलाज के खर्च से पल्ला झाड़ लिया। आर्थिक तंगी के बावजूद पीडि़त ने कर्ज लेकर अपना ऑपरेशन कराया। हादसे के कई दिनों बाद, उचित सहयोग न मिलने पर पीड़ित ने थाने में गुहार लगाई। महरौनी पुलिस ने 6 मार्च को हार्वेस्टर चालक प्रताप सिंह के विरुद्ध बीएनएस की धारा 281, 125(ए) और 125(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button