खैरथल

जिले में पीएम-कुसुम योजना से सौर ऊर्जा को मिली रफ्तार

किसानों को हो रहा दोहरा लाभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम-कुसुम) योजना के तहत खैरथल-तिजारा जिले में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) के किशनगढ़बास डिवीजन अंतर्गत योजना के घटक ‘ए’ और घटक ‘सी’ का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे किसानों को सस्ती, स्वच्छ और विश्वसनीय ऊर्जा उपलब्ध हो रही है।
पीएम-कुसुम योजना का मुख्य उद्देश्य कृषि क्षेत्र में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना, किसानों को ऊर्जा सुरक्षा प्रदान करना, बिजली वितरण कंपनियों पर सब्सिडी का बोझ कम करना तथा किसानों की आय में वृद्धि करना है। इसके साथ ही यह योजना पर्यावरण संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन में कमी की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
सहायक अभियंता भीम सिंह ने बताया कि किशनगढ़बास डिवीजन में पीएम-कुसुम योजना के अंतर्गत अब तक घटक ‘ए’ के तहत 8 मेगावाट क्षमता के विकेंद्रीकृत ग्रिड से जुड़े सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित/आवंटित किए गए हैं। इसी प्रकार पीएम कुसुम योजना के घटक ‘सी’ के तहत 30.39 मेगावाट क्षमता की कृषि पंपों की सोलराइजेशन की गई है। यह उपलब्धि जिले में नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार और कृषि क्षेत्र के सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।
खैरथल-तिजारा जिले में पीएम-कुसुम योजना के तहत हासिल की गई यह प्रगति ग्रामीण विद्युत ढांचे को सुदृढ़ करने, कृषि उत्पादकता बढ़ाने और स्वच्छ ऊर्जा को प्रोत्साहित करने में सहायक सिद्ध हो रही है। आने वाले समय में योजना के निरंतर विस्तार से किसानों की आय में और वृद्धि होगी तथा जिले में टिकाऊ ऊर्जा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button