गाजियाबाद
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर लोनी में महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : गाज़ियाबाद जनपद में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला मोर्चा द्वारा एक भव्य महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व महिला मोर्चा की जिला अध्यक्षा श्रीमती आरती मिश्रा ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना तथा समाज में महिला सशक्तिकरण की भावना को और मजबूत बनाना था।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक नंदकिशोर की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समान अधिकारों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि समाज की प्रगति तभी संभव है जब महिलाएं सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर हों। उन्होंने महिलाओं को जागरूक रहने और समाज में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा की क्षेत्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती मोनिका पंडिता , प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती प्रियंका पांडेय सहित मोर्चा की अनेक कार्यकर्ताओ की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। इसके साथ ही लोनी विधानसभा क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि मंच पर पुलिस विभाग की सम्मानित महिला अधिकारियों की उपस्थिति भी रही। उन्होंने महिलाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए आत्मरक्षा, कानूनों और हेल्पलाइन सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। उनके विचारों ने उपस्थित महिलाओं में आत्मविश्वास और जागरूकता का संचार किया।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही। चंचल बंजारा ने अपने मधुर स्वर में सुंदर गीत प्रस्तुत किया, जिसने पूरे माहौल को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। उपस्थित सभी महिलाओं ने इस प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित बहनों और अतिथियों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि वे महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और जागरूकता के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेंगी। यह कार्यक्रम न केवल महिलाओं को जागरूक करने का माध्यम बना, बल्कि समाज में महिलाओं की भूमिका और उनके सम्मान को भी एक नई दिशा देने वाला साबित हुआ।



