ललितपुर

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मानवता की मिसाल

समाजसेवी ओमकरण सिंह गौर ने 19वीं बार किया रक्तदान

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जहां पूरे विश्व में नारी शक्ति का सम्मान किया जा रहा है, वहीं समाजसेवी ओमकरण सिंह गौर ने एक अलग और प्रेरणादायक तरीके से इस दिन को यादगार बनाया। उन्होंने 19वीं बार रक्तदान कर मानवता की एक अनूठी मिसाल पेश की और समाज को सेवा का संदेश दिया। रक्तदान करने के पश्चात ओमकरण सिंह गौर ने कहा कि महिला दिवस केवल उत्सव मनाने का ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी दिन है। उन्होंने युवाओं और उपस्थित लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि रक्तदान एक महान कार्य है। हमारे थोड़े से प्रयास से किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है। किसी की जिंदगी बचाने से बड़ा दुनिया में कोई पुण्य नहीं है। इस अवसर पर मौजूद गणमान्य नागरिकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने उनके इस कार्य की सराहना की। उपस्थित लोगों का कहना था कि ओमकरण सिंह गौर द्वारा नियमित अंतराल पर रक्तदान करना समाज के लिए एक सकारात्मक उदाहरण है। ऐसे प्रयासों से रक्तदान को लेकर समाज में फैली भ्रांतियां दूर होती हैं। यह संदेश स्पष्ट है कि हम सभी को समय-समय पर रक्तदान कर मानवता की सेवा में सहभागी बनना चाहिए। इस पुनीत कार्य के लिए स्थानीय लोगों ने उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा की और इसे समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक बताया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button