अमरोहा
अमरोहा मटर फैक्ट्री में गैस रिसाव
एसडीएम व प्रदूषण टीम ने किया निरीक्षण प्रबंधन को चेतावनी मिली

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के चुचैला कलां स्थित एक मटर फैक्ट्री में रविवार को हुए गैस रिसाव के बाद सोमवार को प्रशासन सक्रिय हो गया। एसडीएम विभा श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड लेबर इंस्पेक्टर नायब तहसीलदार और अग्निशमन अधिकारी की एक टीम ने फैक्ट्री का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान खामियां मिलने पर अधिकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन को कड़ी चेतावनी दी।निरीक्षण टीम ने फैक्ट्री परिसर में गैस रिसाव के संभावित स्थलों और सुरक्षा व्यवस्था का गहनता से जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रबंधन से गैस रिसाव के कारणों की जानकारी मांगी और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।टीम ने फैक्ट्री में स्थापित उपकरणों और गैस पाइपलाइन की भी जांच की।एसडीएम विभा श्रीवास्तव फैक्ट्री अधिकारियों के जवाब से संतुष्ट नहीं हुईं और उन्होंने तत्काल सुधार करने की चेतावनी दी।यह घटना रविवार शाम करीब पांच बजे हुई थी।फैक्ट्री में अचानक गैस रिसाव के कारण तेज दुर्गंध और धुआं फैल गया। इस दौरान फैक्ट्री में कार्यरत लगभग आधा दर्जन मजदूर बेहोश हो गए।घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने सभी कर्मचारियों को बाहर निकाला और बेहोश हुए मजदूरों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया।बेहोश हुए मजदूरों में गीता,अलका,अनीता,अंजू, नेहा और आरती शामिल थीं। उन्हें कस्बे के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।प्राथमिक उपचार के बाद सभी मजदूरों को छुट्टी दे दी गई। गैस रिसाव के कारण क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। सड़क से गुजर रहे लोगों को भी गैस की बदबू से परेशानी हुई। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और फैक्ट्री प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निरीक्षण टीम में फील्ड सहायक प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रजनीश चौधरी, प्रदूषण बोर्ड के एसए सुरेश त्रिपाठी, अग्निशमन अधिकारी कमलेश कुमार मिश्र, नायब तहसीलदार राजपाल सिंह और लेबर इंस्पेक्टर शामिल थे।


