निर्माणाधीन जिला कारागार में करोड़ों की धोखाधड़ी करने वाले वांछित अभियुक्त को हाफिजपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार…
कूटरचित दस्तावेज तैयार कर कंपनी से की थी ठगी...

नेशनल प्रेस टाइम्स , ब्यूरो
हापुड़- जनपद में अपराध की रोकथाम और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हाफिजपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने निर्माणाधीन जिला कारागार में सामग्री की सप्लाई के दौरान कूटरचित दस्तावेज तैयार कर एक कंपनी से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अंकित पुत्र समर बहादुर सिंह निवासी सुल्तानपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अभियुक्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर निर्माणाधीन जिला कारागार में सामग्री की सप्लाई के नाम पर बैगमाइन कंपनी के साथ बड़ी धोखाधड़ी को अंजाम दिया था। आरोप है कि आरोपियों ने फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर कंपनी को झांसे में लिया और करोड़ों रुपये की ठगी कर ली।
इस मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। काफी समय से पुलिस को इस मामले में वांछित अभियुक्त की तलाश थी। इसी क्रम में चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना हाफिजपुर पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अंकित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है और मामले में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि इस धोखाधड़ी में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
हाफिजपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।



