हापुड़

अग्निशमन विभाग ने मनाया अग्निशमन सेवा दिवस

1944 के मुंबई अग्निकांड के शहीदों को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि , निकली गई जागरूकता रैली...

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

हापुड़ – जनपद हापुड़ के अग्निशमन केंद्र हापुड़ , गढ़मुक्तेश्वर और पिलखुवा में अग्निशमन सेवा दिवस मनाया गया। इस अवसर पर वर्ष 1944 में मुंबई के विक्टोरिया डॉक पर हुए भीषण अग्निकांड में शहीद हुए अग्निशमनकर्मियों को याद किया गया और उन्हें श्रद्धांजलि दी गई । कार्यक्रम के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखा।

सभी कर्मियों को पिन फ्लैग लगाकर सम्मानित किया गया। अग्निशमन वाहनों के साथ शहर में जन-जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसका उद्देश्य लोगों को आग से बचाव और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना था।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अजय शर्मा ने बताया कि 14 अप्रैल 1944 को बॉम्बे के विक्टोरिया डॉक में ब्रिटिश मालवाहक जहाज एसएस फोर्ट स्टाईकिन में भीषण आग लगी थी, जिसके परिणामस्वरूप कई विस्फोट हुए। इस हादसे में लगभग 800 से 1300 लोगों की मृत्यु हुई और हजारों लोग बेघर हो गए थे। जहाज में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, कपास, लकड़ी और अन्य ज्वलनशील वस्तुएं थीं, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया था। इस दौरान 66 अग्निशमन कर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना आग बुझाने का प्रयास करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। इन्हीं शहीदों की स्मृति में हर वर्ष 14 अप्रैल को अग्निशमन सेवा दिवस और 14 से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह मनाया जाता है। इस सप्ताह के दौरान मॉक ड्रिल, रैलियों और प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों को आग से बचाव के प्रति जागरूक किया जाता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button