पाकुड़

पाकुड़िया प्रखंड में आपसी भाईचारे व शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया बकरीद का पर्व

Bakrid festival was celebrated in a peaceful and brotherly atmosphere in Pakuria block.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। पाकुड़िया प्रखण्ड क्षेत्र में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व पूरे उत्साह, आपसी भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के लोगों में खासा उत्साह देखा गया। नए कपड़े पहनकर बच्चे, युवा एवं बुजुर्ग बड़ी संख्या में विभिन्न ईदगाहों की ओर जाते नजर आए। पाकुड़िया प्रखंड क्षेत्र के पाकुड़िया, मोंगलाबांध एवं बाकापाड़ा गांव के लोगों ने संयुक्त रूप से पाकुड़िया ईदगाह में बकरीद की नमाज अदा की। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। पाकुड़िया ईदगाह में सुबह 7:15 बजे नमाज का कार्यक्रम शुरू हुआ, जो लगभग 8 बजे तक चला। वहीं प्रखंड के सभी ईदगाहों में सुबह 9 बजे तक नमाज अदा कर ली गई। जानकारी के अनुसार पाकुड़िया प्रखंड क्षेत्र के कुल 15 ईदगाहों में बकरीद की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई, जिसमें हजारों की संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। नमाज के दौरान इमामों ने कुर्बानी के महत्व, इंसानियत, भाईचारे एवं शांति का संदेश दिया। नमाज के बाद लोगों ने देश एवं क्षेत्र में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। इसके बाद ईदगाह परिसर में बच्चों, युवाओं एवं बुजुर्गों ने एक-दूसरे के गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। छोटे-छोटे बच्चे नए कपड़ों में काफी खुश नजर आए और ईद की खुशियां मनाते दिखे। युवाओं में भी विशेष उत्साह देखा गया। कई लोग अपने रिश्तेदारों एवं परिचितों के घर जाकर त्योहार की बधाई देते नजर आए। बकरीद को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद नजर आया। पाकुड़िया ईदगाह में दंडाधिकारी के रूप में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मणिकांत तिवारी मौजूद रहे। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ बनर्जी एवं थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसके अलावा थाना प्रभारी द्वारा ड्रोन कैमरे से भी लगातार निगरानी रखी गई, ताकि हर गतिविधि पर प्रशासन की नजर बनी रहे। सभी प्रमुख ईदगाहों में प्रशासन द्वारा दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। प्रशासनिक सतर्कता एवं लोगों के सहयोग से पूरे प्रखंड में बकरीद का त्योहार पूरी शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ संपन्न हुआ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button