पाकुड़

भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ

BJP's Pandit Deendayal Upadhyay district training camp inaugurated

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

पाकुड़। भारतीय जनता पार्टी जिला पाकुड़ द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ गुरुवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रो. यदुनाथ पांडेय ने ध्वजारोहण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद प्रदर्शनी का उद्घाटन कर उसका अवलोकन कराया गया। प्रथम सत्र की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन एवं उद्घाटन कार्यक्रम के साथ हुई। तत्पश्चात वंदे मातरम् राष्ट्रगीत प्रस्तुत किया गया तथा मंचासीन अतिथियों का स्वागत महापुरुषों की पुस्तक भेंट कर किया गया। इस दौरान प्रशिक्षण वर्ग के महत्व पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। मंच पर जिला प्रभारी निवास मंडल, के.के. गुप्ता, अनुग्रहित प्रसाद साह, मीरा प्रवीण सिंह, बाबूधन मुर्मू एवं दुर्गा मरांडी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रो. यदुनाथ पांडेय ने “देश के सम्मुख चुनौतियां एवं निदान के प्रयास” विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की बढ़ती ताकत और क्षमताओं से घबराकर कुछ अंदरूनी एवं बाहरी ताकतें देश को अस्थिर करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने सुरक्षा, अंतरिक्ष सुरक्षा, जनसंख्या अनुसंधान, घुसपैठ, आर्थिक साम्राज्यवाद, सांस्कृतिक आक्रमण, भ्रामक विमर्श, पर्यावरण एवं सामाजिक कुरीतियों जैसी चुनौतियों पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के प्रयासों की जानकारी दी।
द्वितीय सत्र में के.के. गुप्ता ने वैचारिक अधिष्ठान पर अपने विचार रखे। वहीं तृतीय सत्र में बबन गुप्ता ने बूथ प्रबंधन, स्थायी कार्यक्रम एवं ‘मन की बात’ विषय पर विस्तार से चर्चा की। इसके बाद पूर्व विधायक अमित मंडल ने सोशल मीडिया, नमो ऐप एवं सरल ऐप के उपयोग और महत्व पर कार्यकर्ताओं को जानकारी दी। पंचम सत्र में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने “विचार परिवार” विषय पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण वर्ग वैचारिक समझ को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत कई संगठन संघ विचारधारा से जुड़े हैं, जिन्हें सामूहिक रूप से विचार परिवार के रूप में जाना जाता है। इसके बाद प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने “कार्यकर्ता विकास, संबल एवं दायित्व बोध” विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत कार्यकर्ता होते हैं। भाजपा कार्यकर्ता केवल संगठन के साधन नहीं बल्कि विकसित राष्ट्र के संकल्प के वाहक हैं। उन्होंने गुणवान, सक्षम, समर्पित एवं सक्रिय कार्यकर्ता निर्माण को संगठन का आधार बताया। छठे एवं अंतिम सत्र में विधायक डॉ. नीरा यादव ने “मोदी सरकार की गरीब कल्याण योजनाएं” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं केवल लाभ पहुंचाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका उद्देश्य गरीबों का सशक्तिकरण और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला पदाधिकारी, प्रदेश मोर्चा पदाधिकारी, पूर्व जिलाध्यक्ष, पूर्व मोर्चा अध्यक्ष, 15 मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री, महिला मोर्चा पदाधिकारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का मंच संचालन पूर्व जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय ने किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button