शामली
ईदुल अजहा पर अलर्ट मोड में पुलिस, चौसाना में हुआ फ्लैग मार्च

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। बकरीद पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से चौसाना पुलिस पूरी तरह अलर्ट नजर आई। शनिवार को प्रभारी निरीक्षक झिंझाना वीरेन्द्र कसाना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कस्बा चौसाना सहित आसपास के गांवों और बाजारों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल दिखाई दिया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीम मुख्य बाजार, संवेदनशील स्थानों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और प्रमुख चौराहों पर पहुंची। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने दुकानदारों से संवाद करते हुए बाजार को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील की। सड़क किनारे सामान फैलाकर व्यापार करने वालों को चेतावनी देते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।पुलिस ने लोगों से त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। वहीं ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र कसाना ने कहा कि बकरीद को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है तथा संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से भी किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

