शामली

66.80 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

“ऑपरेशन सवेरा” में चौसाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
 चौसाना। जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत चौसाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 334 ग्राम अवैध स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 66 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात चौकी प्रभारी संदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक अवैध स्मैक की खेप लेकर क्षेत्र में सप्लाई करने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाई और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को दबोच लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने अपने नाम मुबारिक पुत्र नकीम तथा साजिद पुत्र नकीम, निवासी ग्राम घिस्सावाला अम्बेहटी, थाना नकुड़, जनपद सहारनपुर बताए। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उनके पास से 334 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही प्लेटिना मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली गई।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस अब तस्करों के नेटवर्क और स्मैक सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
चौसाना चौकी प्रभारी संदीप कुमार यादव ने बताया कि “ऑपरेशन सवेरा” के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र में नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button